|
नाथपा झाकड़ी में रिकार्डतोड़ बिजली उत्पादन
04 Aug 2008
सतलुज जल विद्युत निगम लिमिटेड के स्वामित्व वाले देश के सबसे बड़े नाथपा झाकड़ी जलविद्युत स्टेशन (1500 मेगावाट) ने अक्तूबर,2003 में अपनी कमीशनिंग के उपरांत मासिक बिजली उत्पादन के क्षेत्र में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। मासिक बिजली उत्पादन के पिछले सभी रिकार्डों को तोड़ते हुए विद्युत स्टेशन ने जुलाई,2008 माह के दौरान 1090.525 मिलियन यूनिट बिजली का उत्पादन किया है, जो विद्युत मंत्रालय के साथ हस्ताक्षरित समझौता ज्ञापन(एमओयू) के निर्धारित लक्ष्य से 218 मिलियन यूनिट अधिक है। पिछले वर्ष जुलाई माह के दौरान 1078 मिलियन यूनिट बिजली का उत्पादन हुआ था। अप्रैल से जुलाई,2008 के चार महीनों की अवधि में इस पावर स्टेशन में 3106 मिलियन यूनिट बिजली का उत्पादन हुआ है।
एसजेवीएन के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक श्री हेमंत कुमार शर्मा ने पावर स्टेशन के अपने हालिया दौरे के समय इस उपलब्धि के लिए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की पीठ ठोकी और कहा कि इस उपलब्धि के पीछे सर्वोत्तम प्रचालन, अनुरक्षण, सिल्ट एवं रिजर्वायर का कुशल प्रबंधन है।
श्री शर्मा ने उम्मीद जाहिर की है कि पावर स्टेशन में चालू वित्तीय वर्ष के दौरान होने वाला बिजली उत्पादन पिछल साल के रिकार्डतोड़ 6449 मिलियन यूनिट से अधिक हो जाएगा। श्री शर्मा ने 412 मेगावाट क्षमता की रामपुर जल विद्युत परियोजना के निर्माण कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की और विभिन्न घटकों का निर्माण कार्य निर्धारित शेड्यूल के अनुसार होने पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने आशा व्यक्त की कि यह परियोजना निर्धारित लक्ष्य के अनुसार सन् 2012 तक पूरी हो जाएगी।
|